रांचीः झारखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने छह से आठ जनवरी तक सभी स्कूलों में कक्षाएं स्थगित करने का आदेश दिया है.
जारी आदेश के तहत सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक विद्यालयों सहित) और निजी विद्यालयों में 6 जनवरी से 8 जनवरी तक कक्षाएं स्थगित रहेंगे. .
विभाग ने यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एहतियातन लिया है.
हालांकि, आदेश में यह भी कहा गया है कि इस अवधि के दौरान सरकारी विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहेंगे. उन्हें ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी और विभाग द्वारा निर्धारित गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा.
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी विद्यालय में इस अवधि के दौरान प्री-बोर्ड परीक्षा या अन्य महत्वपूर्ण आंतरिक परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, तो संबंधित सक्षम प्राधिकार अपने विवेक से परीक्षा संचालन को लेकर निर्णय ले सकेंगे.
गौरतलब है कि शीतलहर के चलते न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. कड़ाके के ठंड से जनजीवन पर भी असर पड़ा है.
इससे पहले रांची समेत कई जिलों ने पांच और छह जनवरी को स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया था. इसे बढ़ाकर आठ जनवरी कर दिया गया है.
