रांचीः झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची स्थित दीपाटोली युद्ध स्मारक (झारखंड वार मेमोरियल) को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं.
इसके साथ ही उन्होंने परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का के गुमला स्थित पैतृक ग्राम जारी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किए जाने पर जोर दिए हैं. राज्यपाल शीघ्र जारी गांव का भ्रमण भी करेंगे.
मंगलवार को लोक भवन में सैनिक कल्याण निदेशालय की 17वीं प्रबंध कमिटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य के कितने अग्निवीर सेवा से वापस आए हैं, उनका समुचित आकलन किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि इन अग्निवीरों को राज्य पुलिस बल सहित अन्य सुरक्षा एवं सेवा क्षेत्रों में अवसर प्रदान करने की संभावनाओं पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाए.
जनजातीय युवाओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र
राज्यपाल ने यह भी कहा है कि जब सैनिक अवकाश पर राज्य में आते हैं और उनके कुछ निजी अथवा प्रशासनिक कार्य लंबित रहते हैं, तो ऐसे मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि झारखण्ड के जनजातीय समुदायों में सैन्य सेवा के प्रति विशेष रुचि देखने को मिलती है. इस दिशा में जनजातीय युवाओं के लिए एक समर्पित प्रशिक्षण केंद्र खोलने पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें सैन्य सेवाओं में बेहतर अवसर प्राप्त हो सके.
सैनिक स्कूल पर विचार
बैठक में राज्य में एक और सैनिक विद्यालय खोलने पर भी विचार-विमर्श हुआ. सैनिक कल्याण निदेशालय द्वारा सैनिक विद्यालय गोड्डा में खोलने का प्रस्ताव रखा गया.
इसके अतिरिक्त, देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों के आश्रितों को दी जाने वाली सहायता राशि में वृद्धि किए जाने पर भी विमर्श किया गया.
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ० नितिन कुलकर्णी, अपर मुख्य सचिव, गृह एवं कारा वंदना दादेल, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, जीओसी 23 इन्फैंट्री डिवीजन के मेजर जनरल सज्जन सिंह मान सहित वरीय सैन्य अधिकारी एवं निदेशालय के पदाधिकारी उपस्थित थे.
