रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को सरायकेला में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एमबीबीएस पाठ्यक्रम (प्रथम बैच) के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हुए सम्मिलित हुए. उन्होंने कहा है कि सरकार राज्य में हेल्थ सिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है. अगले 5 वर्षों में मेडिकल कॉलेज की संख्या 25 से 30 करने के लक्ष्य की कार्य योजना पर आगे बढ़ रहे हैं.
सितवांतो देवी महिला कल्याण संस्थान की इकाई के तौर पर इस कॉलेज और अस्पताल की स्थापना की गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों में डॉक्टरों के आने- जाने का सिलसिला चलता रहेगा. उसे रोक नहीं सकते हैं. लेकिन, इस राज्य में ज्यादा से ज्यादा बेहतर मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, डायग्नोस्टिक सेंटर और चिकित्सक आएं, इसके लिए सरकार हर स्तर पर स्वास्थ्य सरंचना सुदृढ़ करने का काम पूरी क्षमता और ताकत से कर रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरायकेला- खरसावां जैसे छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज का खुलना सराहनीय कदम है. ऐसे संस्थान खुलने से शिक्षा का बेहतर वातावरण तैयार होगा.
मुख्यमंत्री ने एमबीबीएस पाठ्यक्रम के पहले बैच में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा, “हर साल यहां नया बैच आएगा. ऐसे में आप जब यहां से अपनी पढ़ाई पूरी कर निकलेंगे तो समाज को आपसे काफी उम्मीदें होंगी. मुझे पूरा भरोसा है कि आप एक बेहतर चिकित्सक के रूप में समाज को अपनी सेवा देंगे.”
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, लोकसभा सांसद जोबा मांझी, विधायक दशरथ गागराई, सविता महतो, समीर मोहंती, मंगल कालिंदी, सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अध्यक्ष श्री मदन मोहन सिंह मौजूद रहे.
