रांचीः वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनय चौबे और झारखंड के बड़े कारोबारी विनय सिंह के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति की जांच से जुड़े मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने दिल्ली के रियल स्टेट कारोबारी सरदार सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
जांच एजेंसी ने सरदार सुरेंद्र सिंह को रांची से गिरफ्तार किया है. एसीबी ने सुरेंद्र सिंह को गुरुवार को पूछताछ के लिए मुख्यालय बुलाया था, लेकिन वे एसीबी की पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे थे.
एसीबी को जांच में पता चला है कि विनय चौबे की सरहज (साले की पत्नी) प्रियंका त्रिवेदी के नाम पर खरीदे गए एक फ्लैट के मामले में सुरेंद्र सिंह की भूमिका थी.
साल 2017 में सुरेंद्र सिंह ने पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर प्रियंका त्रिवेदी को लगभग 43 लाख रुपये में एक फ्लैट बेचा था.
एसीबी को संदेह है कि इस खरीद-फरोख्त में विनय चौबे के अवैध धन का कथित निवेश किया गया था.
इसी लेनदेन के दस्तावेजों का सत्यापन करने और धन के स्रोत का पता लगाने के लिए एसीबी ने जनवरी 2026 की शुरुआत में सरदार सुरेंद्र सिंह को रांची बुलाकर पूछताछ की थी.
इस मामले में सुरेंद्र सिंह के अलावा रांची के कारोबारी श्रवण जालान और ज्योतिष एनके बेरा से भी पूछताछ की जा चुकी है.
गौरतलब है कि वन भूमि घोटाले के मामले में विनय चौबे और विनय सिंह दोनों जेल में हैं, इनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की भी जांच चल रही है.
