धनबाद। धनबाद नगर निगम चुनाव पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांति मोर्चा (जेएलकेएम) की सीधी नजर है. मेयर पद के लिए प्रकाश महतो जेएलकेएम के समर्थित उम्मीदवार होंगे.
मंगलवार को धनबाद परिसदन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में जेएलकेएम के केंद्रीय प्रवक्ता सुशील मंडल ने मेयर पद के लिए प्रकाश महतो के नाम की घोषणा की. हालांकि झारखंड में नगर निकायों के चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हैं, पर दलों ने उम्मीदवारों के नाम पर समर्थन देना शुरू कर दिया है. प्रकाश महतो जेएलकेएम के नेता हैं.
सुशील मंडल ने कहा है कि प्रकाश महतो हमेशा जनसरोकार से जुड़े रहे हैं. संगठनात्मक अनुभव भी है. पार्टी ने उन्हें मेयर पद के लिए मैदान में उतारने और समर्थन का निर्णय लिया है.
जेएलकेएम नेताओं ने धनबाद शहर की समस्याओं पर भी खुलकर चर्चा की. उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, जलनिकासी की समस्या और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. यदि जनता का समर्थन मिला तो इन सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा और शहर के समग्र विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे.
