रांचीः बिहार के पटना जिले में गुरुवार की तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और राहुल सिंह गैंग से जुड़ा कुख्यात अपराधी परमानंद यादव घायल हो गया है. उसके पैर में गोली लगी है. घायल स्थिति में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
यह मुठभेड़ मसौढ़ी थाना क्षेत्र के एनएच-22 के लाला बीघा के पास हुई है. परमानंद यादव के पास से पिस्टल और कई गोलियां बरामद की गई हैं.
पीटीआई के मुताबिक पटना ईस्ट के एसपी परिचय कुमार ने बताया, “सुबह करीब 4-4.30 बजे पुलिस और एक अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उसे पैर में गोली लगी. उस व्यक्ति की पहचान परमानंद यादव के रूप में हुई है और वह झारखंड के लातेहार का रहने वाला है. शुरुआती जांच में पता चला है कि वह राहुल सिंह गैंग से जुड़ा है, जिसके बारे में कहा जाता है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है,. वह विदेश भी जा चुका है और उसके खिलाफ 18-20 से ज़्यादा हत्या, डकैती, लूट, रंगदारी के मामले दर्ज हैं. आगे की जांच जारी है.”
पुलिस अधिकारी ने कहा, यादव एक मोटरसाइकिल चला रहा था, और जब उसे चेकपोस्ट पर रुकने का संकेत दिया गया, तो उसने भागने की कोशिश की, जिससे संदेह पैदा हुआ. इसके बाद अपराधी ने फायरिंग की. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की.
