रामगढ़: दयाल स्टील फैक्ट्री में लूट की वारदात का रामगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने लूट में शामिल सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
आरोपियों के पास से एक लाख तीन हजार रुपये नगद, एक देशी कट्टा, दो कारतूस, छह मोबाइल, तांबा का तार बरामद किया गया है. साथ ही एक टाटा मैजिक और एक बोलोरो वाहन जब्त किया गया है.
एसपी अजय कुमार ने ने बताया कि रामगढ़ थाना क्षेत्र में 12 जनवरी को चाहा स्थित दयाल स्टील फैक्ट्री में 10 से 12 हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था.
अपराधी फैक्ट्री की चहारदीवारी में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए थे और सुरक्षा गार्ड को पिस्टल का भय दिखाकर बंधक बना लिया था. फैक्ट्री के अंदर से लाखों रुपये के कॉपर वायर सहित अन्य कीमती सामान चार पहिया वाहन में लोड कर फरार हो गए थे. लूटकांड के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एसआईटी गठित की गई थी.
गुरुवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दयाल स्टील फैक्ट्री लूटकांड में शामिल अपराधी एनएच-23 के बारलौग छतरमांडु क्षेत्र से होते हुए कुज्जू की ओर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छतरमांडु के पास वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बोलेरो गाड़ी को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की. पुलिस ने पीछा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया और बोलेरो को जब्त कर लिया.
