धनबाद: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तारीखों के इंतजार के बीच उम्मीदवार मैदान में खम ठोंकने लगे हैं. इसी सिलसिले में धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने एक बार फिर मेयर पद के लिए चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है.
चंद्रशेखर के मैदान में आने के बाद निगाहें बीजेपी पर टिकी है, अब पार्टी किस उम्मीदवार को अपना समर्थन देती है. दरअसल धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो की नजर भी मेयर चुनाव पर है. वे पत्नी को चुनाव में उतारने का पिच तैयार कर रहे हैं. इनके अलावा और भी कई प्रमुख चेहरे का नाम उछलता रहा है.
चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा है कि वे अपने पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को आधार बनाकर एक बार फिर जनता के बीच जाएंगे. उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल के दौरान शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम किया गया है. जिसका लाभ वर्तमान में धनबाद की जनता को मिल रहा है.
पूर्व मेयर ने बताया कि हर घर जल नल योजना को पूरी तरह से जमीन पर उतारना उनका प्रमुख लक्ष्य रहा है. इसके साथ ही धनबाद को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का सपना भी उन्होंने देखा था. जिसे आगे भी पूरा करने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों, नालियों, जलापूर्ति और स्वच्छ व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उनके कार्यकाल में लगातार प्रयास किए गए.
