गढ़वा: जमीन विवाद में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में गढ़वा पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
यह घटना जिले के बड़गड़ थाना इलाके के हेसातु गांव के दुबियाठी टोला में हुई. जहां जमीन विवाद में एक व्यक्ति को पीट-पीटकर कर मार डाला गया.
पिटाई की इस घटना में उसके परिवार के लोग भी घायल हुए थे. बड़गड़ थाने में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी देते हुए रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया. ग्रामीणों की मदद से पुलिस टीम ने घायलों को सही इलाज के लिए सदर हॉस्पिटल, गढ़वा और मृतक को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
इस घटना के आरोपी रामकिशुन यादव उर्फ दुबई यादव, राजू यादव, छोटू यादव उर्फ शिव कुमार यादव और संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल दो लकड़ी की बेत, खून लगा हुए एक कुल्हाड़ी और खून लगा हुए एक लकड़ी का डंडा बरामद किया गया. गौरतलब है कि यह घटना दो पक्षों के बीच जमीन विवाद की वजह से हुई थी.
इस घटना से पहले आरोपियों ने मृतक की तीन बकरियों को भी जहर देकर मार डाला था.
