हजारीबाग: हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापो खुर्द गांव में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने छह लोगों को रौंद डाला. इस हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है.
प्रारंभिक जांच में इस हादसे को सड़क दुर्घटना से अधिक आपसी रंजिश से जोड़ कर देखा जा रहा है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया है कि हर पहलू की जांच की जा रही है.
गुरुवार की देर रात स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से गांव में घुस आई और लोगों को रौंदते हुए एक घर से टकरा गई. टक्कर के बाद गाड़ी पलट गई. इस हादसे में रोहित साव (पिता भीखन साव) और प्रदीप साव (पिता बेनी साव) की मौके पर ही मौत हो गई.
घायलों में से दो का इलाज रिम्स रांची में, दो का शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग में और दो का हजारीबाग के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग भेज दिया है. स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन कौन चला रहा था. यह सड़क दुर्घटना है या किसी साजिश का नतीजा, इस बिंदु पर भी गहन छानबीन की जा रही है.
आपसी रंजिश का भी दावा
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृतक रोहित साव का कुछ लोगों से किसी बात को लेकर हाल ही में विवाद हुआ था. इसी रंजिश के चलते यह घटना हुई हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई जानकारी या सीसीटीवी फुटेज है, तो वह थाने में संपर्क करें.
