रांचीः विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया है जिस बेलाल शेख नामक आरोपी को पाकुड़ पुलिस पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है, वह खुले आम सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी की इफ्तार पार्टी में शामिल होता दिख रहा है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि महेशपुर, पाकुड़ में दर्ज नगर कांड संख्या 275/25 (दिनांक 27-10-2025) में बेलाल शेख नामक व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धारा 109 (अटेम्प्ट टू मर्डर) जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज है. आश्चर्य की बात यह है कि जिस अपराधी को पकड़ने में पाकुड़ की पुलिस नाकाम रही है, वही अपराधी खुलेआम स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस के तनवीर आलम के साथ बैठकर इफ्तार पार्टी में शामिल हो रहा है.
उन्होंने कहा कि यह स्थिति सिर्फ कानून-व्यवस्था पर ही नहीं, बल्कि प्रशासन की नीयत और निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है.
मरांडी ने सवालिया लहजे में कहा है, “क्या अब झारखंड में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण के सहारे खुली छूट मिल रही है”?
उन्होंने कहा, “जब इस अपराधी द्वारा खुलेआम गोली चलवाने की घटना हुई थी, तब भी हमने इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी. लेकिन आज की स्थिति यह बताती है कि अपराधी बेखौफ हैं और कानून का डर खत्म होता जा रहा है. झारखंड की जनता जानना चाहती है, क्या कानून का राज चलेगा या राजनीतिक संरक्षण में अपराधियों का मनोबल बढ़ता रहेगा.”
