सिमडेगाः झारखंड के सिमडेगा से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी जा रही एक यात्री बस के पलट जाने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.
इस हादसे में कम से कम डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए हैं. घायलों में से चार की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
जानकारी के मुताबिक अनमोल बस (CG 14G 0263) शुक्रवार सुबह सिमडेगा के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी जा रही थी. बस में दो दर्जन से ज्यादा यात्री सवार थे. सुबह करीब 9:45 बजे, जशपुर जिले के करडेगा चौकी इलाके में गोड़ाअंबा गांव के पास ढलान के दौरान बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए.
लोगों के अनुसार, बस में सवार एक यात्री ने ड्राइवर से रुकने को कहा, लेकिन कंडक्टर चिल्लाया, “ब्रेक फेल हो गया है.” इससे बस में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर बाद, बेकाबू बस सड़क किनारे सुरेंद्र साय के निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास से टकरा कर पलट गई.
कुनकुरी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. के. कुजूर ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है. इनमें एक दंपती और पिता-पुत्र शामिल हैं.
घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने तीन एंबुलेंस मौके पर भेजीं. घायलों को तुरंत कुनकुरी अस्पताल और दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
