धनबाद: केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआइ ने धनबाद रेल मंडल में कार्यरत वरीय मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) संजीव कुमार को 50 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
शुक्रवार की शाम शुरू हुई सीबीआइ की कार्रवाई देर रात तक चली. डीआरएम कार्यालय में लंबी पूछताछ और तलाशी के बाद सीबीआई की टीम संजीव कुमार को अपने साथ ले गई.
इससे पहले डीआरएम कार्यालय में सीबीआई की टीम के पहुंचते ही हड़कंप मच गया.
छापेमारी टीम का नेतृत्व कर रहे सीबीआई डीएसपी ने बताया है कि रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है.
जानकारी के अनुसार, संवेदक अवजित कुमार झा ने सीबीआई से शिकायत की थी. शिकायत में बताया गया था कि धनबाद रेल मंडल में उनके द्वारा लिफ्ट और एसी लगाने का काम किया गया था, जिसके एवज में करीब 24 लाख रुपये का भुगतान होना बाकी था. भुगतान के लिए वह लगातार कार्यालय का चक्कर लगा रहे थे.
आरोप है कि वरीय मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) संजीव कुमार द्वारा भुगतान कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी. शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने मामले की जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई. इसके बाद सीबीआई ने डीआरएम कार्यालय में संजीव कुमार के दफ्तर में छापेमारी की और उन्हें 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया.
