रांची: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का व्यवसाय जगत में खौफ बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला रांची का है. अलबर्ट एक्का चौक के पास शहर के पुराने और प्रसिद्ध जय हिंद फार्मा के संचालक से प्रिंस के नाम पर एक करोड़ रुपये रंगदारी की मांग की गयी है.
इस धमका कोलेकर प्रतिष्ठान के संचालक संजय राजगढ़िया की शिकायत पर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
संजय राजगढ़िया ने पुलिस को बताया है कि 12 मार्च की रात करीब 8:18 बजे उनके संस्थान के कैशियर अनुपम हरित के मोबाइल पर एक मैसेज और दो ऑडियो क्लिप आए।.
संदेश भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताया और सीधे तौर पर संदीप राजगढ़िया से एक करोड़ रुपये की मांग की. ऑडियो में धमकी दी गई कि अगर पैसे नहीं मिले तो दुकान बंद करवा दी जाएगी और जान से हाथ धोना पड़ेगा.
हाल ही में रांची के एययरपोर्ट इलाके में एक रेस्टोरेंट कारोबारी से प्रिंस खान ने कथित तौर पर रंगदारी मांगी थी. रंगदारी नहीं देने पर प्रिंस खान के गुर्गों ने रेस्टोरेंट में जाकर फायरिंग की. जिसमें एक वेटर अमित गोप की मौत हो गई थी. इस घटना को गंभीरता से लेते हुए राज्य की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए थे.
प्रिंस खान के बारे में पुलिस के पास इनपुट्स है कि वह विदेश में है और वहीं से गैंग संचालित कर रहा है. झारखंड के बड़े शहरों और खासकर कोयलांचल इलाके में कारोबारियों, ठेकेदारों को रंगदारी के लिए धमकी देता रहा है.
