लातेहारः झारखंड के लातेहार में पुलिस ने माओवादी नक्सली संगठन के जोनल कमांडर 10 लाख का इनामी मृत्युंजय भुइयां और 2 लाख का इनामी सब जोनल कमांडर बबलू को गिरफ्तार कर लिया है.
मृत्युंजय भुइयां पर कुल 104 नक्सली हिंसा के मामले विभिन्न थाना क्षेत्र में दर्ज हैं. पुलिस का दावा है कि अलग-अलग नक्सली घटनाओं में 44 पुलिसकर्मियों की हत्या कांड में यह शामिल था.
मृत्युंजय भुइंया लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह चकलवा टोला का रहने वाला है. जबकि बबलू राम बिहार के अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जोनल कमांडर मृत्युंजय अपने कुछ साथियों के साथ जरूरत के समान लेने के लिए छिपादोहर थाना क्षेत्र के हरिणामाड़ गांव के आसपास आने वाला है. सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की टीम गठित की गई और नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की गई. इसी दौरान दो नक्सली मृत्युंजय भुइयां और बबलू राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से एक एके-47 स्वचालित हथियार, 21 गोलियां और एक लाख 60 हजार रुपए बरामद किए गए.
