खूंटीः झारखंड के खूंटी में पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
ये अपराधी अवैध हथियार के साथ लेवी की रकम लेने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे.
पुलिस ने उनके पास से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, लेवी वसूली का हिसाब-किताब और संगठन से जुड़े पर्चे बरामद किए हैं.
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने बताया है कि तजना नदी के पास से तीन अपराधियों विजय भोक्ता, धीरज कुमार और अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक राम को गिरफ्तार किया. पूछताछ में इन अपराधियों ने अपने अन्य साथियों के रांची की ओर जाने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने कालामाटी टुंगरी के पास एक कार का पीछा कर तीन और अपराधियों— शुभम कुमार पोद्दार उर्फ शुभम कुमार, निमिस गोप उर्फ हनी और राम अयोध्या शर्मा उर्फ राजा शर्मा को गिरफ्तार किया.
मांगते थे रंगदारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे व्यवसायियों और ठेकेदारों की जानकारी जुटाकर जेल में बंद पीएलएफआई के सदस्यों तक पहुंचाते थे. इसके बाद मोबाइल ऐप के जरिए वर्चुअल नंबर बनाकर व्यवसायियों को कॉल और व्हाट्सएप संदेश भेजकर लेवी की मांग की जाती थी. लेवी नहीं देने पर संगठन के सक्रिय सदस्यों के जरिए फायरिंग कर दहशत फैलाने और धमकी भरे पर्चे जारी किए जाते थे.
