पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के एक दिन बाद निर्वाचन आयोग ने सोमवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी सिद्ध नाथ गुप्ता को पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया.
एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. गुप्ता को पीयूष पांडे के स्थान पर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है.
इसके अलावा, सुप्रतिम सरकार की जगह अजय कुमार नंद को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है.
इससे पहले, रविवार रात को आयोग ने पश्चिम बंगाल की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और राज्य के गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा के तबादलों का आदेश दिया.
आयोग ने यह भी आदेश दिया कि दोनों किसी भी प्रकार के चुनाव संबंधी कार्य में शामिल नहीं होंगे. दुष्यंत नरियाला ने चक्रवर्ती, वहीं संघमित्रा घोष ने मीणा की जगह ली है.
चुनाव आयोग ने रविवार को घोषणा की कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे. वोटों की गिनती 4 मई को होगी. चुनाव प्रक्रिया 6 मई तक पूरी हो जाएगी।
चुनाव आयोग की कार्रवाई पर टीएमसी की प्रतिक्रिया सामने आई है.
टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी और गृह सचिव के ट्रांसफर पर कहा, “जिस तरीके से चुनाव आयोग ने देर रात 4 बजे पश्चिम बंगाल के गृह सचिव और डीजीपी का ट्रांसफर किया, वह स्वीकार्य नहीं है. बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व में एक निर्वाचित सरकार है. इस समय चुनाव आयोग के पास ये अधिकार हैं, लेकिन वह इनका दुरुपयोग कर रहा है ताकि बंगाल की चुनी हुई सरकार को नुकसान पहुंचाया जा सके. हमने इस मुद्दे को सदन में उठाया है. हमारे नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने भी यह मुद्दा उठाया, और विरोध स्वरूप अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने पूरे दिन के लिए संसद से वॉकआउट किया है.”
