भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल के 144 और केरल के 47 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है.
बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी को बंगाल की दो सीटों से उम्मीदवार बनाया है. अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर से चुनावी मैदान में उतारा गया है.
वर्तमान में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भबानीपुर से ही विधायक हैं और शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें नंदीग्राम से चुनाव हराया था.
वहीं, बीजेपी ने केरल में राज्य बीजेपी के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमोम सीट से उम्मीदवार बनाया है.
चंद्रशेखर ने साल 2024 में तिरुवनंतपुरम सीट से कांग्रेस सांसद शशि थरूर के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ा था, लेकिन वो हार गए थे.
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने रविवार को ही चार राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीख़ों का एलान किया था.
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा. असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा.
वहीं तमिलनाडु में भी एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा.
सभी राज्यों की विधानसभा सीटों और उपचुनाव पर मतगणना 4 मई को होगी.
