हजारीबागः झारखंड में हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत बंदखारों गांव के एक युवक की ओमान की राजधानी मस्कट में सड़क दुर्घटना में मौत की खबर ने पूरे परिवार को बेचैन कर दिया है. परिवार के लोगों ने शव वापसी के लिए प्रशासन से संपर्क साधा है.
जोबार पंचायत के बंदखारो गांव निवासी प्रवासी मजदूर प्रदीप कुमार महतो जावाबी पॉवरटेक इंजीनियरिंग कंपनी में काम करते थे.
परिजनों के अनुसार, प्रदीप कुछ दिनों से बीमार थे और इलाज कराने के बाद कमरे लौटते समय सड़क पार करते हुए तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गये. मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. प्रदीप की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना है.
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष की एक अधिकारी शिखा लकड़ा ने बताया कि हादसे में मारे गए श्रमिक प्रदीप कुमार (24) के परिजनों ने उसके शव को स्वदेश लाने के लिए हजारीबाग जिला प्रशासन से संपर्क किया है. नियंत्रण कक्ष भी सभी जानकारी हासिल करने में जुटा है.
ग्रामीणों के मुताबिक पिछले डेढ़ साल में जोबार पंचायत के चार प्रवासी मजदूरों की विदेश में मौत हुई है. कैमरून में हेमलाल महतो की 5 सितंबर 2024 को बस दुर्घटना में मौत हुई थी.
इसी पंचायत के रामेश्वर महतो की कुवैत में 15 जून 2025 को और धनंजय महतो की सऊदी अरब में 24 मई 2025 को मौत हो गई थी.
अब प्रदीप की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ा टूटा है. पिछले फरवरी महीने में झारखंड के गरिडीह, हजारीबाग, खूंटी के कम से कम आधे दर्जन युवकों की मौत दूसरे प्रदेशों और विदेश में हुई है.
हरियाणा के भिवाड़ी में छह मजदूरों की मौत
गौरतलब है कि हाल ही में हरियाणा के भिवाड़ी में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर हुए एक हादसे में झारखंड के छह मजदूरों की मौत हो गई थी.
ये सभी मजदूर झारखंड के पूर्वी सिंहभूम स्थित पोटका और इचागढ़ प्रखंड के निवासी थे.
झारखंड के जिन छह मजदूरों की मौत हुई है, उनमें पोटका (जादूगोड़ा) के धनंजय महतो (55),भागीरथ गोप (52), संजीत गोप उर्फ दुलाल (32) मंगल महतो (30) और इचागढ़ के शिवशंकर सिंह मुंडा (30) तथा परमेश्वर महतो (50) शामिल हैं.
गोवा के नाइट क्लब में आगजनी के हादसे में
पिछले साल दिसंबर महीने में गोवा के अरपोरा नाइट क्लब में आगजनी हादसे में झारखंड के रांची जिले के दो और खूंटी के एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई थी. तब मुख्यमंत्री के निर्देश पर माइग्रेंट सेल झारखंड ने गोवा से संपर्क साधा और हवाई मार्ग से शवों को रांची लाया गया था.
