गढ़वाः गढ़वा जिले के रमकंडा में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए विवाद और झड़प के बाद पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार किया है.
गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया है कि स्थिति सामान्य है आगे भी किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है. जगह-जगह पुलिस बलों की तैनाती की गई है.
घटना के बाद रमकंडा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है.
उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने मौके से 18 मोटरसाइकिल और 9 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
गुरुवार की अप्रिय घटना के बाद शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा घेरे और भक्तिपूर्ण माहौल के बीच जुलूस निकाला गया. जुलूस में पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर भी शामिल हुए.
इससे पहले पलामू के डीआईजी कौशल किशोर और एसपी ने घटना स्थल का जायजा लिया है. तथा पुलिस बलों को आवश्यक निर्देश दिए हैं.
जिन 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें मुस्लिम समुदाय के 13 और हिंदू पक्ष के छह लोग शामिल हैं.
गुरुवार को विवाद की शुरुआत तब हुई जब रामनवमी की अष्टमी का जुलूस कौआखोह स्थित शिव चबूतरा के पास पहुंचा. उसी समय दूसरा पक्ष भी वहां मौजूद था, जिसने जुलूस का विरोध शुरू कर दिया.
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया.
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तीन आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया.
सुरक्षा कारणों से जुलूस को वहीं से वापस लौटना पड़ा.
गौरतलब है कि इस इलाके में तनाव एक दिन पहले से ही बना हुआ था. बुधवार को महावीर पताका स्थापित करने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके विरोध में गुरुवार सुबह करीब छह घंटे तक सड़क जाम रहा. इसी पृष्ठभूमि में गुरुवार की रात विवाद और गहरा गया.
