खूंटीः खूंटी जिले के मुरहू में चैत्र नवरात्र के अष्टमी को शुरू हुआ विवाद शनिवार को बवाल में तब्दील हो गया.
स्थानीय महादेव मंडा से आगे दो समुदायों के बीच जमकर पत्थरबाजी और मारपीट की घटना से स्थिति तनावपूर्ण हो गई. खूंटी की एसडीओ दीपेश कुमार ने हालात को देखते हुए निषेधाज्ञा लागू कर दिया गया है.
पूरे इलाके में पुलिस बलों की तैनाती की गई है. पथराव में शामिल लोगों की शिनाख्त करने में पुलिस जुटी है. इसके साथ ही रामनवमी पूजा समिति के पदाधिकारियों और समाज के गणमान्य लोगों से बातचीत कर शांति बनाने की अपील की गई है.
पथराव की घटना में पुलिस का एक जवान घायल हुआ है. वहीं, बजरंग दल के जिला संयोजक प्रियांक भगत की कार के शीशे तोड़े जाने से लोगों का गुस्सा बढ़ गया.
पथराव की घटना में कई दुकानों में लगे सीसीटीवी भी टूट गए हैं.
रामनवमी से एक दिन पूर्व अष्टमी की देर शाम मुरहू बस्ती से जुलूस जब मस्जिद मोहल्ला पहुंचा, तो एक समुदाय के लोगों ने विरोध किया. पुलिस ने तत्काल शांति समिति को मैसेज भेजकर स्थिति को शांत कराया.
शुक्रवार, नवमी के दिन मस्जिद मोहल्ले के लोगों ने बस्ती और मोहल्ले की सीमा पर स्टॉल लगाकर जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया. चना शर्बत भी बांटे. इस बीच
विधि व्यवस्था संभाल रहे थाना प्रभारी नायाल गोडिवन केरकेट्टा की पीठ पर एक पत्थर लगा. कुछ और पत्थर स्थानीय लोगों को लगे. इसके बाद पुलिस ने फिर बैठक कर माहौल को शांत कराया.
इन घटनाओं के खिलाफ शनिवार को मुरहू के लोग बाजार बंद कराने निकले थे. इस बीच विवाद बढ़ा और पथराव शुरू हो गया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. एसपी मनीष टोप्पों ने गड़बड़ी करने वालों को सख्त हिदायत दी है.
