गढ़वा: झारखंड में गढ़वा जिले के नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के नरखोरिया कला गांव में एक व्यक्ति पर गोली चलाने की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. साथ ही हमलावर को गिरफ्तार किया गया है.
यह घटना 28 मार्च को हुई थी, जब 51 वर्षीय उमेश मेहता को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. उमेश मेहता का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतेंद्र सिंह ने बताया है कि जांच के दौरान पुलिस को गोली चलाने वाले युवक के बारे में सूचना मिली, जिसके आधार पर पीछा करते हुए संदिग्ध युवक को बेंगासी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया.
26 साल का इस युवक का नाम संदीप कुमार सिंह है. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली और खोखा बरामद किया गया है.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक संदीप कुमार सिंह का एक युवती से 2021 से प्रेम संबंध था. इसी बीच युवती की शादी उमेश मेहता के बेटे से तय हो गई. शादी से नाराज होकर युवक और युवती ने मिलकर साजिश रची कि लड़के या उसके किसी परिजन को नुकसान पहुंचाया जाए, ताकि शादी टूट जाए.
योजना के तहत आरोपी 27 मार्च की रात बोकारो से गढ़वा पहुंचा और होटल में ठहरा. अगले दिन युवती से मिली जानकारी के आधार पर वह मौके पर पहुंचा और उमेश मेहता की दुकान पर सिगरेट मांगने के बहाने गोली चला दी.
इस मामले में मुख्य आरोपी संदीप कुमार सिंह के साथ गढ़वा के ही 24 वर्षीय रजनी मेहता को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
