रांचीः रांची पुलिस ने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टीटॉस रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग में शामिल मुख्य शूटर सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टी और गोली भी बरामद किय़ा है. सचिन यादव के खिलाफ धनबाद के अलग-अलग थाने में अपराध के आठ मामले दर्ज हैं.
विदेश से गैंग चला रहे कुख्यात प्रिंस खान के इशारे पर सचिन यादव के साथ अन्य अपराधियों ने टॉटास में गोलियां चलायी थी. इस गोलीबारी में रेस्टोरेंट का एक वेटर मारा गय़ा था.
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया है कि पिछले साल 27 दिसंबर को ग्राम लोधमा स्थित टिटॉस रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार गोप एवं उनके दो साथी पुष्कर महतो एवं पिंटू कच्छप को संगठित अपराधिक गिरोह प्रिंस खान द्वारा इंटरनेट कॉल के माध्यम से ऑडियो मैसेज भेज कर एक करोड़ रंगदारी की मांग की गई थी. पैसे नहीं देने पर लगातार धमकी दी जा रही थी.
इसी क्रम में जब रंगदारी के पैसे नही मिले, तो प्रिंस न अपने गिरोह के लड़कों को 7 मार्च को भेजकर रेस्टोरेंट में फायरिंग कराई थी.
इस मामले में एयरपोर्ट थाना में केस दर्ज किया गया था. कांड के उद्भेदन को लेकर एसएसपी ने एक एसआईटी गठित की थी. एसआईटी ने इस घटना में संलिप्त चार अपराधियों को गिरफ्तार कर पूर्व में ही जेल भेजा है.
अनुसंधान के कम में गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को मुख्य शूटर के बारे में जानकारी दी थी. इसके बाद 28 मार्च को सचिन यादव को गिरफ्तार किया गया.
