रांचीः असम के पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम मामले में कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों ने राजनीतिक पाप किया है. इस पाप की सजा उन्हें भुगतनी ही होगी.
रांची स्थित बीजेपी कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस में सोनोवाल ने आरोप लगाया कि महिलाओं को आगे बढ़ाने में कांग्रेस की नीतियां हमेशा सीमित रही हैं. उनका एक दायरा है. कांग्रेस के लिए महिला मतलब इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ही होता है बाकी उनके लिए उनकी नजर में किसी महिला का कहीं कोई स्थान नहीं है.
जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवक बनकर देश की सेवा की है और हर समुदाय की महिलाओं को आगे बढ़ाने का मौका दिया है, उनके परिवार की चिंता की है.
उन्होंने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाए, इसके लिए मोदी सरकार अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए महिलाओं को 33% आरक्षण दिलाने और महिला सशक्तिकरण को संवैधानिक रूप दिलाने के उद्देश्य से दो दिन का विशेष सत्र बुलाया गया, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों ने महिला का अपमान किया है.
इस अधिनियम को लेकर विपक्ष ने जो षड्यंत्र रचा है यह नारी समाज का अपमान है. कांग्रेस महिलाओं को लेकर दशकों से ऐसा षड्यंत्र रचती आ रही है. कांग्रेस और उनके सहयोगी पार्टियों का चेहरा पूरी तरह उजागर हो चुका है.
सोनोवाल ने कहा कि बीजेपी और एनडीए जब तक है तब तक देश में महिलाएं सुरक्षित है, उनका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता है. नरेंद्र मोदी महिलाओं को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं कांग्रेस ने कभी गरीबों, एसटी एससी वर्गों की चिंता नहीं की उनके लिए सिर्फ अपना खानदान को सुरक्षित रखना है, यही उनका मुख्य उद्देश्य रहा है.
प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व मंत्री तथा जमुई की बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह तथा झारखंड बीजेपी की उपाध्यक्ष पूर्व सांसद गीता कोड़ा भी मौजूद रहीं.
