हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. वो लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं.
हिमंता के साथ 4 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली. इनमें रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग शामिल हैं.
गुवाहाटी में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
हिमंता के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ग़ृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए . साथ ही कई केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता भी पहुंचे.
असम के विधानसभा चुनाव में एनडीए ने दो-तिहाई बहुमत से सत्ता हासिल की है.
126 सदस्यीय असम विधानसभा में ने 82 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटें जीतीं.
असम की राजनीति
गौरतलब है कि हिमंता बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. इसके साथ ही वह असम में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए.
राज्यपाल ने रविवार को उन्हें एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री नियुक्त किया था. असम में यह एनडीए सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल भी है.
इससे पहले 2016 में भाजपा के नेतृत्व में पहली बार सर्बानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री बने थे, जबकि 2021 में हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य की कमान संभाली थी.
