रांचीः कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा है कि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष मानसून में कम बारिश के आसार है, जिस कारण सूखे की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. ऐसे में राज्य सरकार पहले से ही तैयारी कर किसानों को राहत पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है.
उन्होंने अधिकारियों और विशेषज्ञों से कहा है कि सूखे से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूर्व में कर ली जाए.
शिल्पी नेहा तिर्की मंगलवार को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित खरीफ कर्मशाला 2026 के दूसरे दिन के कार्यक्रम में बोल रही थीं.
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के लिए समय महत्वपूर्ण होता है. उसे यदि सही समय पर बीज ना मिले, सिंचाई की सुविधा न मिले तो हमारी सारी मेहनत बेकार है. यह एक-एक की जिम्मेवारी है इस जिम्मेवार को धर्म के रूप में निभाना होगा.
कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के उत्थान के प्रति गंभीर है और इस दिशा में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कर्मशाला में कृषि प्रभाग के निदेशकों की अनुपस्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी की.
उन्होंने कहा कि किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह कर्मशाला का आयोजन किया गया है. सूखे की आशंका को देखते हुए सभी जिला के कृषि पदाधिकारियों को अपने अपने जिले में किस स्तर की तैयारियाँ करेंगे इस हेतु एक कांटिजेंट प्लान बनाने का निदेश दिया गया था, जिसे विस्तार में इस कर्मशाला में प्रस्तुत किया गया है.
