रांचीः रांची पुलिस ने शहर में बाइक चोर गिरोह का उद्भेदन करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है. साथ ही चोरी के 12 बाइक बरामद किए गए हैं.
जिन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. उनमें वसीम ओहदार उर्फ वसीम आलम, शरीफ खान –तौहिर अंसारी दानिश आलम, मोइन खान, नसीम अंसारी और अभय सिंह उर्फ मुन्ना सिंह को गिरफ्तार किया है.
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ाए अपराधी
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान सबसे पहले एक बाइक चोर पकड़ा गया. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के कुल सात सदस्यों को गिरफ्तार किया.
ग्रामीण एसपी ने बताया कि 18 मई की शाम में सूचना मिली की एक ब्लू रंग का चोरी की बाइक से एक युवक रामपुर की ओर जा रहा है और बाइक चोरी की है. इस सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए हेडक्वार्टर डीएसपी-1 अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया.
इस छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नामकुम के सिदरोल जोड़ा मंदिर के पास चेकिंग प्रारंभ किया गया. चेकिंग के कम में एक ब्लू रंग का बाइक (JH01EM-3762) के साथ एक युवक को पकड़ा गया. पुलिस द्वारा नाम-पता पूछने पर पकड़ाये व्यक्ति ने अपना नाम अभय सिंह बताया.
जबकि मोटरसाइकिल के बारे में पूछताछ करने पर बताया कि ये बाइक चोरी की है, जिसे नामकुम बाजार से चोरी किया गया था और नंबर प्लेट बदलकर उसे बेचने के लिए बेड़ो के वसीम ओहदार के पास ले जा रहा था.
गिरफ्तार दोनों की निशानदेही पर गिरोह के पांच अन्य सदस्यों और चोरी के 12 बाइक जब्त की गई.
जेल से बाहर निकलने के बाद
शख्स ने यह भी बताया कि वह मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में कई बार जेल जा चुका है और जेल में ही वसीम ओहदार उर्फ वसीम आलम से मुलाकात हुई थी.
जेल से निकलने के बाद दोनों के द्वारा बाइक चोरी का एक गिरोह बनाया गया. इस गिरोह में उनके अलावा दानिस आलम, मोईन खान, सरीफ खान, नसीम अंसारी और तौहिर अंसारी को शामिल किया.
बदल दिया जाता था नंबर प्लेट
जेल से छूटने के बाद गिरोह बनाकर हाट बाजारों से बाइक चोरी कर गिरोह के सदस्यों से मिलकर वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर बदलकर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर सस्ते दामों में बेचते थे.
गिरफ्तार अभय सिंह पर नामकुम, लालपुर, चुटिया पिठौरिया, बरियातू थाना में सात मामले एवं वसीम ओहदार पर कोतवाली, नामकुम, लालपुर, लापुंग, जीआरपी, डोरंडा, पिठौरिया, चुटिया थाने में आठ मामले दर्ज हैं. दोनों पूर्व में कई बार जेल जा चुके हैं.
