रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के कोकर में खोरहाटोली से 9 मई को गायब हुई 18 माह की मासूम अदिति पांडेय का अब तक कुछ पता नहीं चला है. इस बीच रांची पुलिस ने गायब बच्ची के बारे में सूचना अथवा जानकारी देने पर इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये किया है.
इससे पहले किसी प्रकार की जानकारी देने पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. पुलिस ने आम लोगों से इस मामले में सहयोग की अपेक्षा की है.
इसके साथ ही सूचना देने के लिए रांची के एसएसपी, सिटी एसपी, सदर डीएसपी और सदर थाना प्रभारी के नंबर भी जारी किए गए हैं.
जांच में जुटी है पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अदिति की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है.
आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं. और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.
इसके अलावा खोरहाटोली के पास बहने वाले नाले में भी एनजीआरएफ की की टीम ने खोजबीन की.
दूसरे जिलों और राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है, जिससे कि बच्ची का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके.
उधर बच्ची के परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही है. वेलोग लगातार अपने स्तर से बच्ची की खोज करते हैं. अदिति के माता-पिता ने भी लोगों से अपील की है कि कोई भी जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस या घर वालों को बतायें.
