रांचीः एंटी करप्शन ब्यूरो धनबाद की टीम ने बोकारो के बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई मो. याकूब अंसारी को 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है.
शिकायतकर्ता ने रांची एसीबी मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक के नाम से आवेदन देकर अपनी पीड़ा बतायी थी.
इससे पहले पीड़ित ने बोकारो जिला के बालीडीह स्थित मखदुमपुर इलाके में 13 डिसमिल जमीन की लूट और धमकी दिए जाने को लेकर बालीडीह थाना में थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह को लिखित आवेदन दिया था. उन्होंने एसडीपीओ चास, बोकारो एसपी और डीसी से भी न्याय की गुहार लगाई थी.
इस मामले की जांच बालीडीह में पदस्थापित एएसआई मो. याकूब अंसारी को सौंपी गई थी.
आरोप है कि जांच अधिकारी मो. याकूब अंसारी ने शिकायतकर्ता से खर्चा-पानी के लिए 5000 रुपया रिश्वत मांगा था.
पीड़ित रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई. मंगलवार को एसीबी की टीम ने बोकारो जिला स्थित नया मोड़ स्थित एक फल दुकान के सामने से मो. याकूब अंसारी को घूस लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा.
