रामगढ़ः झारखंड में रामगढ़ जिले की पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है.
जिन छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें विकास साव, विशाल कुमार, बिटु कुमार रवि, हीरालाल कुमार, दिगम्बर प्रजापति उर्फ डेगन, एहतेसान अंसारी उर्फ दुलर्भ शामिल हैं. गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने 1 अवैध लोडेड देशी पिस्टल, 34 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन, 3 मोटरसाइकिल तथा 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातू के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने यह कार्रवाई की है. पुलिस को 25 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातू थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. इसके बाद गठित विशेष छापामारी दल ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की.
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी अपराधी राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि राहुल दुबे और उसके संगठन के अन्य सदस्यों के इशारे पर उन्होंने पिछले महीने पतरातू थाना क्षेत्र में रेलवे फ्लाईओवर ब्रिज के गेट पर गोलीबारी, ओसम डेयरी प्लांट के गेट पर फायरिंग तथा अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया था.
