कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पार्टी नेतृत्व से किए गए अपने वादे के मुताबिक़ अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
सिद्धारमैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है और राज्यपाल के लौटते ही उसके स्वीकार होने की उन्हें पूरी उम्मीद है.
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, सिद्धारमैया ने कर्नाटक के राज्यपाल के विशेष सचिव प्रभु शंकर को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया है. राज्यपाल थावरचंद गहलोत, जो राज्य से बाहर हैं, आज रात लौट रहे हैं.
इस्तीफ़े की घोषणा करते हुए सिद्धारमैया ने कहा, “मैंने आज अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया है. मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का हार्दिक आभार व्यक्त करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे यह अवसर दिया.”
सिद्धारमैया ने साफ किया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि जैसे ही पार्टी हाईकमान निर्देश देगा, वह पद छोड़ देंगे. उन्होंने कहा, ‘दो दिन पहले ही हाईकमान ने इस्तीफा देने को कहा था, इसलिए मैंने आज अपना इस्तीफा दे दिया.’ साथ ही सिद्धारमैया ने ऐलान कर दिया कि अब डीके शिवकुमार राज्य के मुख्यमंत्री होंगे.
2013 से अब तक
उन्होंने 2013 से 2018 तक मुख्यमंत्री का पूरा पांच वर्षीय कार्यकाल पूरा किया था और 20 मई को अपने दूसरे कार्यकाल के तीन वर्ष भी पूरे किए.
सिद्धारमैया ने यह भी स्पष्ट किया है कि हाईकमान ने उन्हें राज्यसभा जाने को कहा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया. उन्होंने साफ किया कि उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में दिलचस्पी नहीं है और वे कर्नाटक में पार्टी के एमएलए के रूप में सक्रिय रहेंगे.
