रांची: झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के अंदर राज्यसभा की एक सीट पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन की बहन अंजनी सोरेन को उम्मीदवार बनाये जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है. शुक्रवार को ओडिशा से जेएमएम के कार्यकर्ता रांची पहुंचे और हेमंत सोरेन को एक मांग पत्र सौंपा. इसमें अंजनी को राज्यसभा भेजने का आग्रह किया है.
कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर ‘अंजनी सोरेन जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए. इससे पहले अंजनी सोरेन मरांडी ने एक निजी वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में राज्यसभा जाने की अपनी इच्छा स्पष्ट रूप से जताई थी.
अंजनी सोरेन ओडिशा के मयूरभंज जिले में झारखंड मुक्ति मोर्चा को मजबूत करने और आदिवासी समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं. उन्होंने ओडिशा विधानसभा चुनाव में सरसकाना सीट से भी चुनाव लड़ा है. झामुमो के केंद्रीय स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में भी वे भागीदारी करती रही हैं. अंजनी सोरेन झामुमो के संस्थापक अध्यक्ष शिबू सोरेन की इकलौती बेटी हैं.
18 जून को झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव होने हैं. शिबू सोरेन के निधन से एक सीट खाली हुई है. झामुमो के पास 34 विधायक हैं. एक सीट पर झामुमो की जीत कंफर्म है. वह इसलिए कि एक सीट पर जीत के लिए 28 विधायकों के वोट की जरूरत होगी.
