रांचीः झारखंड की राजधानी रांची स्थित राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के सर्जरी विभाग में पोस्ट ग्रेजुएट प्रथम वर्ष के छात्र डॉ. सानु सनल बरवार की अपने ही घर में हुई मौत को लेकर पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. रिम्स में उनका पोस्टमार्टम हुआ है. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
डॉ. सानु सनल बरवार राज्य में स्वास्थ्य विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. हिमांशु शेखर के पुत्र थे. उनके निधन की खबर से स्वास्थ्य विभाग और रिम्स के चिकित्सकों तथा उनके साथियों के बीच शोक है. परिजन भी सदमे में हैं.
मकान से मिला शव
जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय डॉ सानु सनल बरवार का शव रांची के कटहल मोड़ स्थित एक मकान से बरामद किया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की.
इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
सानू के मित्रों ने बताया कि शनिवार की सुबह में यह सूचना मिली कि वह सोकर उठे ही नहीं हैं. इसके बाद उन्हें आनन-फानन में घर से नजदीक एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
डॉ सानु सनल बरवार रिम्स के सर्जरी विभाग में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) प्रथम वर्ष के छात्र थे. वे चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे थे. उनकी अचानक हुई मौत ने सहपाठियों, शिक्षकों और चिकित्सकों को स्तब्ध कर दिया है. रिम्स प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.
गौरतलब है कि इसी महीने 16 मई को रिम्स एमबीबीएस के एक छात्र ने कथित तौर पर सुसाइड कर लिया था. हॉस्टल के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर उसने जान दी थी.
