रांचीः झारखंड में दो सीटों के लिए होने वाले राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के नामांकन पत्र को स्क्रूटनी (जांच) के दौरान पाई गई तकनीकी गड़बड़ियों के कारण होल्ड पर रखा गया है.
उनके फॉर्म में नाम की वर्तनी में अंतर कहीं ‘परिमल नथवानी’ तो कहीं ‘नाथवानी परिमल’ लिखा होना बताया गया है.
परिमल नथवानी के नामांकन पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है. नामांकन को होल्ड किए जाने के बाद परिमल नथवानी अपने वकील के साथ विधानसभा पहुंचे है. साथ में भाजपा के कई विधायक विधायक भी विधानसभा पहुंचे हैं.
अब इस तकनीकी खामी पर सही दस्तावेज पेश करने के बाद ही आगे का फैसला होगा.
परिमल नथवानी ने 8 जून को अपना नामांकन दाखिल किया था.
18 जून को दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा से बैजनाथ राम और कांग्रेस से प्रणव झा उम्मीदवार हैं. दोनों उम्मीदवारों के नामांकन पत्र जांच के दौरान वैध पाए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने परिमल नथवानी के नामांकन पत्र में तकनीकी त्रटियों को लेकर आपत्ति जतायी है.
नामांकन पत्र में प्रत्याशी के अविभाजित परिवार से संबंधित जानकारी देने वाला कॉलम कथित तौर पर गायब होने का आरोप लगाया गया है.
इसके साथ ही प्रत्याशी के विरुद्ध दर्ज आपराधिक मामलों से जुड़े कॉलम में भी अधूरी जानकारी देने पर आपत्ति स्क्रूटनी के जद में है.
8 को मतदान और अंकगणित
एनडीए में 24 विधायक हैं. जीत के लिए प्रथम वरीयता में 28 वोट की जरूरत होगी.
नथवानी पहले भी दो बार झारखंड से राज्यसभा का चुनाव जीते हैं.
वे सत्ता-विपक्ष दोनों खेमे में अपनी पकड़ रखते हैं. सियासी गलियारे में चर्चा जोरों पर है कि सत्तारूढ़ दलों में वे सेंध लगाने की रणनीतिक बिसात के साथ ही यहां चुनाव लड़ने आए हैं.
शनिवार को वे राज्यसभा चुनाव की गोटी बिछाने रांची आए थे, तो उन्होंने हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की थी.
हालांकि इस मुलाकात को उन्होंने चुनाव से अलग बताया था.
उधर सत्तारूढ़ दलों के पास 56 विधायक हैं. बैजनाथ राम जेएमएम के और प्रणव झा कांग्रेस के उम्मीदवार हैं. जेएमएम के पास 34 विधायक हैं और बैजनाथ राम की जीत कंफर्म है.
नथवानी के चुनाव में उतरने से कांग्रेस की चुनौती बढ़ गई है. सरकार में साथ रहने के बाद भी राजद के चार और माले के विधायकों का वोट पाना कांग्रेस के लिए कठिन भी हो सकता है.
हालांकि रविवार की रात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर सरकार के सहयोगी दलों के मंत्रियों, विधायकों की रात्रि भोज के बहाने बैठक और चुनाव की रणनीति पर चर्चा के दौरान सोरेन ने सभी से जेएमएम और कांग्रेस के उम्मीदवारों की जीत सुनश्चित करने को कहा है.
