रांचीः झारखंड में दो सीटों के लिए होने वाले राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के नामांकन पत्र में तकनीकी गड़बड़ी को लेकर विधानसभा में सुनवाई जारी है. निर्वाचन पदाधिकारी रणजीत कुमार दोनों पक्षों का जवाब सुन रहे हैं.
इस बीच विधानसभा के अंदर कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता नथवानी का नामांकन रद्द करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे हैं.
धरना प्रदर्शन में कांग्रेस की मंत्री दीपिका सिंह पांडेय, इरफान अंसारी भी शामिल हैं. कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू भी विधानसभा पहुंचे हैं.
कांग्रेस के इस धरना प्रदर्शन की खबर मिलते ही बीजेपी के कार्यकर्ता विधानसभा पहुंचे हैं. हालांकि उन्हें गेट के बाहर रोक दिया गया है. बीजेपी के कार्यकर्ता भी नारेबाजी कर रहे हैं.
नथवानी ने दिया है आपत्तियों का जवाब
एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के नामांकन पत्र को स्क्रूटनी (जांच) के दौरान पाई गई तकनीकी गड़बड़ियों के कारण होल्ड पर रखा गया है.
उनके फॉर्म में नाम का उल्लेख करने में कहीं ‘परिमल नथवानी’ तो कहीं ‘नाथवानी परिमल’ लिखा होना बताया गया है.
परिमल नथवानी के नामांकन पर कांग्रेस के विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने ने आपत्ति जताई है. नाम का उल्लेख करने के अलावा संपत्ति तथा व्यापार की जानकारी देने समेत कुछ और मामले में आपत्ति दर्ज करायी गयी है.
हालांकि मंगलवार को नामांकन को होल्ड किए जाने के बाद परिमल नथवानी अपने वकील के साथ विधानसभा पहुंचे थे. उन्होंने नामांकन पत्र में आपत्ति के हर बिंदु पर अपना जवाब दे दिया है.
बुधवार को सुनवाई में कांग्रेस की तरफ से कई बड़े अधिवक्ता पक्ष रखने पहुंचे हैं.
