रांची: भाकपा (माले) के केंद्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी ह बाकी दलों को खत्म करके वन नेशन-वन इलेक्शन की तरह वन नेशन-वन पार्टी की व्यवस्था बनाना चाहती है. इन कोशिशों और चालों को कामयाब होने नहीं देंगे.
झारखंड में दो सीटों के लिए 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि हमारे दोनों विधायक महागठबंधन को वोट करेंगे. बीजेपी का खेल झारखंड में सफल नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि लोगों ने भाजपा के खिलाफ जो जनादेश दिया था, हमारे विधायक उसी अनुरूप काम करेंगे.
उन्होंने कहा कि हमारा वोट इंडिया गठबंधन के लिए है, चाहे कोई मांगे या नहीं मांगे।
चुनावों में केंद्रीय निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि आखिर पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 4,000 ईवीएम मशीनें कैसे जल गईं.
झारखंड में वोट बचाओ, रोजगार बचाओ
उन्होंने कहा कि भाकपा (माले) बहुत जल्द झारखंड में वोट बचाओ-रोजगार बचाओ अभियान चलाएगा.
उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर पिछले दिनों नाटकीय घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में यहां मध्यप्रदेश जैसी स्थिति नहीं हुई. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में तो कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द हो गया, लेकिन यहां परिमल नाथवानी का नामांकन रद्द नहीं किया गया।
हॉर्सट्रेडिंग में जुटी है बीजेपी
झारखंड में राज्यसभा चुनाव में हॉर्स-ट्रेडिंग की चर्चा पर दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ईडी, सीबीआई और पैसों के खेल से चुने हुए सांसदों और विधायकों को खरीद सकती है, इसमें कोई नई बात नहीं है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने गौरव वल्लभ को पीछे करके नाथवानी को सामने लाकर खेल किया है.
अंतर्राष्ट्रीय संबंधों पर घेरा
अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में मोदी सरकार की भूमिका की आलोचना करते हुए दीपंकरर भट्टाचार्य ने कहा कि हमारा जहाज लेकर आ रहे 2 भारतीयों के मारे जाने की सूचना है. बॉडी खराब हो रही है, लेकिन केंद्र सरकार खामोश है. उन्होंने कहा कि अमेरिका के मिसाइलों से हमारे लोगों को मारा जा रहा है. उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक संकट बढ़ रहा है. धीरे-धीरे सभी चीजें महंगी हो रही हैं. सभी वस्तुओं की कीमतों में इजाफा हुआ है.
काम दो आंदोलन
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि हमारी पार्टी महंगाई के खिलाफ आंदोलन चलाएगी. गांव में काम दो आंदोलन 15 जून से 15 जुलाई तक संचालित होगा. उन्होंने कहा कि देशभर के युवा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांग रहे हैं. भाकपा (माले) वाले उनके साथ हैं. नौजवान, कॉकरोच जनता पार्टी के साथ है। उन्होंने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी क्लब जैसा संगठन है. छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.
