सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर रोला और खैरबनी गांव के बीच ट्रेलर और टक्कर के बीच भीषण टक्कर के बाद आग लग गई. आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई.
यह हादसा सोमवार की रात हुआ. जानकारी के अनुसार, लौह अयस्क से लदे तीन ट्रक हाता की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रोला गांव पार करते ही विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रेलर से एक ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई. हादसे के दौरान ट्रक ड्राइवर वाहन के केबिन में ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई.
वहीं, ट्रेलर चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण इलाज के लिए चाईबासा ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी भी मौत हो गई.
इस बीच पीछे से आ रहे लौह अयस्क लदे दो अन्य ट्रक भी अनियंत्रित होकर पीछे में टक्कर मार दी, जिससे दोनों ट्रक सड़क किनारे पलट गई. इस टक्कर में दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना के बाद एनएच-220 पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. बताया जाता है कि दमकल विभाग ने भी आग बुझाने आया. इतने में गाड़ी पुरी तरह जाल चुकी थी. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
