रांचीः भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिलकर जमशेदपुर क बहुचर्चित हिमांशु हत्याकांड की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है.
बीजेपी नेताओं ने राज्यपाल को बताया है कि 27 जून की रात जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी में पुलिस वैन से बाहर खींचकर करणी सेना संगठन से जुड़े हिमांशु सिंह नामक एक युवक की अपराधियों द्वारा नृशंस हत्या कर दी गई है. जबकि इसी घटना में प्रत्युष सिंह नामक एक अन्य युवक कलकत्ता में इलाजरत है, जहां वह जिन्दगी और मौत से जूझ रहे हैं.
भाजपा ने कहा है कि पुलिस की मौजूदगी में किसी युवक की निर्मम हत्या होना वर्तमान राज्य सरकार की ध्वस्त हो चुकी कानून-व्यवस्था का भयावह उदाहरण है. जब अपराधी पुलिस के सामने ही हत्या कर फरार हो जाएं, तो यह स्पष्ट हो जाता है कि झारखंड में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है.
नीरज सिंह का बचाव
भाजपा ने कहा है कि इस मामले में डीडी बार के कारोबारी नीरज सिंह को गिरफ्तार किया गया है वे घटना के दिन अपने प्रतिष्ठान में मौजूद भी नहीं थे. यह डीडी बार अवैध रूप से संचालित नहीं किया जा रहा है. जब उस प्रतिष्ठान के भीतर उस युवक की हत्या ही नहीं हुई है और घटना के समय संचालक जब मौके पर मौजूद ही नहीं थे फिर एक मनगढ़ंत कहानी बनाकर केस को दूसरी दिशा देकर क्यों भटकाया जा रहा है. इसलिए इस घटना की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सीबीआई से कराई जाए. साथ ही दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए.
राज्यपाल से मिलने वालों में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, दिवंगत हिमांशु सिंह के पिताजी अरविन्द सिंह, शंभुनाथ सिंह शामिल थे.
