बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द कर दिया गया है.
वीणा मानवी के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी प्रिय किन्नर समेत कुल 10 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द किया गया है. वीणा मानवी के नामांकन रद्द होने की जानकारी मिलते ही तेज प्रताप यादव पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे. वह पूरे मामले की जानकारी लेने पहुंचे थे.
जांच के दौरान निर्वाचन अधिकारियों ने पाया कि उनके नामांकन पत्र में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया था.
प्रत्याशी के नामांकन पत्र पर 10 प्रस्तावकों (प्रपोजर) के हस्ताक्षर होना अनिवार्य होता है. वीणा मानवी के नामांकन पत्र में केवल 9 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर थे.
नामांकन के बाद
सोमवार को नामांकन दाखिल करने के बाद पटना पुलिस ने उन्हें एक पुराने धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया था. हालांकि, बाद में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सोमवार तक सभी प्रमुख उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया था. इस सीट से जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर, बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा और तेज प्रताप यादव की पार्टी की ओर से वीणा मानवी ने पर्चा भरा था.
वहीं, इससे पहले राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी गुप्ता भी नामांकन दाखिल कर चुकी हैं.
जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी पटना सिटी की रहने वाली हैं. वह कॉर्पोरेट सेक्टर से राजनीति में आई हैं. 48 वर्षीय वीणा मानवी फिलहाल मकान डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सीईओ के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने साल 1999 में मगध विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है.
