रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत व्यस्ततम मोरहाबादी इलाके तेज रफ्तार से चलते थार एसयूवी ने पुलिस पीसीआर वैन के चालक राजेश यादव को टक्कर मार कर फरार हो गए.
इस घटना में पुलिस वाहन के चालक को गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद रांची पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज किया है. .
वाहन जांच के दौरान
रांची पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान मोरहाबादी क्षेत्र से एक काले रंग की थार एसयूवी तेज गति और लापरवाही से चलती हुई आती दिखाई दी. वाहन की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का संकेत दिया. हालांकि चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस टीम की ओर ही गाड़ी मोड़ दी और तेज रफ्तार में टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया. पूरी घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों ने फरार वाहन का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी चालक तेज रफ्तार का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा.
प्रारंभिक जांच में आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए शहर और आसपास के इलाकों में विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है.
