रांचीः झारखंड दौरे पर आए कांग्रेस के राज्य प्रभारी के राजू ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा उठाये जा रहे सवालों का समर्थन करते हुए कहा है कि हमारे मंत्री जिन सवालों को उठा रहे हैं, कांग्रेस पूरी तरह उनके सवालों के साथ है.
उन्होंने कहा कि कैबिनेट की बैठक में इन विषयों को उठाया जाएगा. अधिकारी जन प्रतिनिधियों का सम्मान नहीं कर रहे. यह लोकतंत्र के लिए सही नहीं है. अधिकारियों को सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों के प्रति रेस्पेक्टफुल होना ही चाहिए.
प्रेसवार्ता के दौरान के. राजू ने झारखंड की नौकरशाही (ब्यूरोक्रसी) की कार्यशैली पर सवाल उठाए.
उन्होंने दो टूक कहा कि यह सच है कि राज्य में अधिकारी जनप्रतिनिधियों का सम्मान नहीं कर रहे हैं, जो कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए कतई उचित नहीं है.
के राजू के इन बयानों के बाद कांग्रेस में अब तक अकले पड़े राधाकृष्ण किशोर को बड़ा बल मिला है. अपनी सुरक्षा लौटाने के बाद किशोर लगातार अधिकारियों को अलग-अलग मामलों में पत्र लिख रहे हैं. उनके पत्रों का अधिकारी जवाब नहीं दे रहे. उधर विपक्षी भाजपा को इस मामले में सरकार की अंदरूनी हालात पर बोलने का मौका मिल गया है.
राज्यसभा चुनाव को लेकर
राज्यसभा चुनाव में संख्या बल रहते हुए कांग्रेस उम्मीदवार की हार समीक्षा अब तक क्यों नहीं हो सकी है. कब पता चलेगा कि सहयोगी दलों धोखा किसने दिया, इस सवाल पर के राजू ने कहा, मुख्यमंत्री सब कुछ देख रहे हैं. हम डेड लाइन तय करने के लिए उन्हें फोर्स नहीं कर सकते. कांग्रेस के सभी विधायकों ने अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है.
