भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने जामताड़ा पुलिस की कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधा है.
उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के घर पर डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की मानो किसी अपराधी के यहां कार्रवाई की जा रही हो.
उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान परिवार और महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया.
उन्होंने कहा कि जिस सरकार को रीना देवी नामक प्रसूता की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए थी, वह न्याय की मांग करने वालों पर ही कार्रवाई करने में जुटी है.
उन्होंने कहा कि सुमित शरण और अन्य भाजपा के नेताओं का यही गुनाह था कि वह जनता की आवाज को बुलंद कर रहे थे. भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि जामताड़ा की पुलिस मंत्री इरफान अंसारी के इशारों पर कार्रवाई कर रही है, जो कतई उचित नहीं है. झारखंड सरकार तानाशाही पर उतर आई है।
फोन नहीं उठाते पुलिस अधिकारी
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू जी के द्वारा इस मसले पर डीजीपी से संपर्क किया गया. डीजीपी के द्वारा उनका फोन नहीं उठाना और मैसेज का जवाब नहीं देना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. सांसद का अपना प्रोटोकॉल होता है.
प्रतुल ने कहा कि अफसरों को कानून और संविधान के दायरे में काम करना चाहिए. सरकारें आती जाती रहती हैं. आज उनकी है,तो कल हमारी भी हो सकती है.
