रांचीः झारखंड सरकार के परिवहन विभाग एवं टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च स्थापना के लिए एमओयू हुआ है.
यह आइटीडीआर जमशेदपुर में स्थापित होगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिवहन मंत्री दीपक बिरूआ की मौजूदगी में सरकार और टाटा मोटर्स के अधिकारियों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए.
इस मौके पर सीएम ने महिला एवं पुरुष दोनों को समान अवसर देने और खासकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं लाइसेंस प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाने पर जोर दिए हैं.
उन्होंने कहा कि आइटीडीआर की स्थापना से युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी तथा राज्य में सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी.
लाभुकों से किया संवाद, डीसी से ली जानकारी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों के लाभुकों से सीधा संवाद कर ड्राइविंग लाइसेंस एवं लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया की जमीनी स्थिति की जानकारी ली.
उन्होंने आवेदन की समयावधि, वाहन श्रेणी तथा लाइसेंस प्राप्ति में आने वाली संभावित कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी आवेदक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
उन्होंने विशेष रूप से हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस एवं लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने पर बल दिया.
साथ ही, सभी जिलों के उपायुक्तों को लंबित आवेदनों की समीक्षा कर उनका त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
इस दौरान पलामू, सरायकेला-खरसावां, धनबाद सहित विभिन्न जिलों के लाभुकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
