धनबादः प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार की सुबह धनबाद के कई इलाकों में एक साथ छापेमारी की. सुबह से ही ईडी की टीमों ने सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया.
जानकारी के मुताबिक बड़े कोयला माफिया एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, रोहित यादव सहित उनके सहयोगियों से जुड़े सभी 25 ठिकानों पर ईडी ने तलाशी अभियान शुरू की है।
ईडी की कार्रवाई कोयला कारोबारियों के टिकियापाड़ा स्थित नालंदा कॉटेज, महुदा और लोयाबाद समेत कई ठिकानों पर की गई.
टीम ने संबंधित परिसरों में दस्तावेजों की जांच की और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य खंगाले. छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.
गौरतलब है कि कोयला घोटाले के इस मामले में ईडी ने चार अलग-अलग ईसीआइआर दर्ज कर पूरे मामले में जांच कर रही है.
जांच एजेंसी के पास जानकारी है कि कई कारोबारी और उनके सहयोगियों ने अवैध तरीके से कोयला खनन, परिवहन व भंडारण से भारी मात्रा में अवैध संपत्ति अर्जित की है. छापेमारी के बाद ईडी की छानबीन जारी है.
