लोहरदगाः जिला मंडलकारा में सोमवार को एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उसके परिजनों ने सवाल उठाए हैं.
मृतक की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के पंडरा निवासी स्वर्गीय हजरत अली के पुत्र जाहिद पवरिया के रुप में हुई है. जाहिद मंडल कारा में विगत 20 मई से एक आपराधिक मामले में बंद था.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन के अधिकारी जांच में जुटे हैं. जेल के भीतर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी देखा जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक जाहिद को बुधवार की सुबह जब नमाज के लिए इमामत करने वाले अतिकुर रहमान जगाने के लिए गए तो जाहिद के शरीर में कोई हरकत नहीं मिली. जिसके बाद उन्होंने जेल प्रशासन को सूचना दी.
इसके बाद जेलकर्मियों ने जेलर मोहम्मद सोनू को बंदी के बारे में जानकारी दी.
जेलर ने तत्काल जाहिद लोहरदगा सदर अस्पताल भिजवाया. जांच के दौरान चिकित्सकों ने जाहिद पवरिया को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मामले की सूचना मृतक के परिजनों को सुबह 8 बजे दी गई.
मृतक के परिजन और गांव के लोग सदर अस्पताल पहुंचे. इस बीच ग्रामीणों ने मौत के विरोध में कुड़ू में सड़क जाम कर दिया. वे घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं. पुलिस सड़क जाम करने वालों को समझाने में जुटी है.
अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार का कहना है कि दंडाधिकारी की मौजूदगी में पोस्टमार्टम और आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. मामले में नियमों के अनुसार जांच होगी.
