भारतीय जनता पार्टी के नेता और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में बरी कर दिया है.
कोर्ट के इस फैसले के बाद प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू है.
लाइव लॉ के मुताबिक़ राउज एवेन्यू कोर्ट ने यह फ़ैसला सुनाया है. बृज भूषण शरण सिंह पर छह महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे.
बृज भूषण शरण सिंह ने कोर्ट के फ़ैसले पर कहा, “कोर्ट ने कहा कि ‘बृज भूषण सिंह और विनोद तोमर, आप दोनों लोगों को बाइज़्ज़त बरी किया जाता है. पहले ही दिन मैंने कहा था कि मेरे ख़िलाफ़ कोई फ़ैसला आता है या कोई आरोप साबित होता है तो मैं ख़ुद फ़ांसी पर लटक जाऊंगा.”
उन्होंने कहा, “मुझे पूरा भरोसा था कि मेरे साथ न्याय होगा. मैंने कभी ख़ुद को अपराधी महसूस नहीं किया. जो जूनियर खिलाड़ी थे, जिनका हक़ मारा जा रहा था, हमने उनके लिए लड़ाई लड़ी. मुझे खुशी है कि उस लड़ाई में भी हमारी ही जीत हुई और भरोसा है कि वो (जूनियर) खिलाड़ी आने वाले समय में पहलवानी में देश का परचम लहराएंगे.”
विनेश फोगाट की वकील रेबेका जॉन ने कहा है, “यह फ़ैसला बेहद निराश करने वाला है. इस मामले में शिकायत करने वाली चार महिलाओं ने अदालत में पूरी ईमानदारी से गवाही दी. जिरह के दौरान भी उनके बयान नहीं बदले.”
कोर्ट के फ़ैसले के बाद पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा, “आज का जो फ़ैसला है उससे ये साफ़ हो गया है की सारी ताक़त उनके पास है, सब कुछ है उनके पास. उन्होंने गवाह तोड़ दिए. हम अब कोर्ट के विस्तृत आदेश का पता लगाने की कोशिश में हैं. हमें नहीं समझ आ रहा कि किस आधार पर उन्हें बरी किया गया है.”
