उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की दशमी तिथि पर मेरठ में शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया.
मुख्यमंत्री के साथ रामायण सीरियल में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले मेरठ के सांसद अरुण गोविल समेत जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं. कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर, बम-बम’ के उद्घोष से पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश गुंजायमान रहा.
हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का अवलोकन
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का अवलोकन किया. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए.
भक्ति और सामाजिक समरसता का उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि पवित्र गंगाजल लेकर सैकड़ों किलोमीटर पैदल चल रहे शिवभक्त जात-पात, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर शिवभक्ति में लीन हैं. उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से सभी कांवड़ यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया.
कांवड़ मार्ग पर गूंजा ‘हर-हर, बम-बम’
हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर, बम-बम’ के उद्घोष से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का माहौल भक्तिमय रहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास में पावन कांवड़ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है और शिवभक्त तेजी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं.
सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए पूरी तत्परता से तैयार है. जिला प्रशासन, सेक्टर मजिस्ट्रेट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मी और जोन, रेंज, जनपद एवं थाना स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में जुटे हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस के तमाम अधिकारी श्रद्धाभाव के साथ अभियान का हिस्सा बनकर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं.
