रांचीः कोयला कारोबार से जुड़े मामले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनबाद के आउटरसोर्सिंग कंपनी संचालक एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह, इनके भाई विश्वविजय सिंह, साला रंजीत कुमार सिंह, अनिल गोयल से जुड़े कारोबारी सबीर आलम और महेंद्र सिंह को समन भेजा है.
इन सभी को पूछताछ के लिए अलग-अलग तिथियों में उपस्थित होने को कहा गया है.
इनमें एलबी सिंह के भाई विश्वविजय सिंह को 14 अगस्त, रंजीत कुमार सिंह को 17 अगस्त और आरती सिंह को 20 अगस्त को ईडी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना है।
एलबी सिंह कोल इंडिया की अनुषंगी इकाई बीसीसीएल में बड़े ठेकेदार हैं। उनकी कंपनी का नाम है-देव प्रभा है.
28 जुलाई को धनबाद में 31 जगहों पर ईडी ने की थी छापामारी
प्रवर्तन निदेशालय रांची की टीम ने बीते 28 जुलाई को धनबाद में एक साथ 31 जगहों पर छापामारी की थी, जिसमें एलबी सिंह और अनिल गोयल से जुड़े कोयला कारोबारियों के यहां कार्रवाई भी शामिल है.
इस दौरान ईडी ने 1.02 करोड़ रुपये नगद जब्त करते हुए 160 करोड़ रुपये का म्यूचुअल फंड को फ्रीज कर दिया था. यह संपत्ति एलबी सिंह की थी।
इसके अलावा बड़ी संख्या में चल-अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए थे। इसके अलावा करीब 500 करोड़ की चल अचल संपत्ति संबंधी दस्तावेजों का भी पता चला था। यह जांच अवैध कोयला उत्खनन, तस्करी, रंगदारी, लेवी वसूलने से जुड़ा हुआ था.
