झारखंड के रामगढ़ ज़िले में बरकाकाना थाना क्षेत्र के हेहल स्थित सीमेंट एंड इस्पात के पावर प्लांट में शनिवार को तड़के अचानक ब्लास्ट हो गया. हादसे में प्लांट में कार्यरत तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है.
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस और फ़ैक्ट्री अधिकारियों के अनुसार, यह धमाका सुबह करीब 4 बजे पावर जनरेशन यूनिट के अंदर हुआ, जब इंजीनियर, टेक्निकल स्टाफ़ और अन्य कर्मचारी नाइट ड्यूटी पर थे.
बताया जा रहा है कि धमाका टरबाइन सेक्शन में हुआ, जिससे आग लग गई और तेज़ी से कंट्रोल रूम एरिया में फैल गई.

चीफ़ फ़ैक्ट्री इंस्पेक्टर मनीष सिन्हा ने बताया कि मृतकों की पहचान रांची के संजीव कुमार केशरी (50), बोकारो ज़िले के जरीडीह के विनीत महतो (25) और गढ़वा के अभिषेक पांडे (24) के तौर पर हुई है.
एक अन्य कर्मचारी, तरुण रवानी, घायल हो गया और उसे इलाज के लिए रामगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें और फ़ैक्ट्री के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुँचे और आग पर काबू पाया. बाद में प्लांट के प्रभावित हिस्से से तीनों इंजीनियरों के शव बरामद किए गए.
हज़ारीबाग़ में लेबर डिपार्टमेंट के ज़ोनल ऑफ़िस से फ़ैक्ट्री इंस्पेक्टरों की एक टीम मौके पर पहुँची और घटना की शुरुआती जाँच शुरू की.
अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत तकनीकी मूल्यांकन के बाद ही विस्फोट के सटीक कारण का पता चलेगा.
इस घटना से पास के हेसला गांव के निवासियों में दहशत फैल गई, जहां शनिवार को स्थानीय लोगों ने कारखाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और प्रबंधन की ओर से सुरक्षा में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. प्रदर्शनकारियों ने गहन जांच और मृतकों के लिए जवाबदेही की मांग की.
जिला प्रशासन ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं, जबकि श्रम एवं कारखाना सुरक्षा अधिकारियों ने भी जांच शुरू कर दी है.
