रांचीः झारखंड में 28 अगस्त को स्कूल खुले रहेंगे. इसी तारीख को रक्षाबंधन है. 30 अगस्त को रविवार है, पर इस दिन भी स्कूल खुलेंगे.
शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह ने इस बाबत सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षकों को पत्र भेजा है. हालांकि रक्षाबंधन के दिन सुबह 9 बजे से लेकर 10 बजे तक ही स्कूल खुलेंगे.
दरअसल, इस दिन स्कूलो में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन होगा. केंद्र सरकार के निर्देश के मुताबिक 28 से 30 अगस्त तक खेलेगा भारत…जीतेगा भारत, विषय पर 3 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान चलेगा. इसी अभियान को लेकर यह निर्णय लिया गया है.
अभियान केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं होगा, बल्कि सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में भी कार्यक्रम का आयोजन होगा.
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के दिन स्कूल खोलने के बदले शिक्षकों को अलग से क्षतिपूर्ति अवकाश दिया जायेगा. स्कूली शिक्षा विभाग ने 28 से 30 अगस्त तक होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की है. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि जगाना और खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करना है.
